झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। भाजपा प्रत्याशी आदित्य साहू ने मंगलवार को अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल किया। मौके पर बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, दीपक प्रकाश समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। दीपक प्रकाश के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने आदित्य साहू को नामांकन के बाद बधाई दी। आजसू प्रमुख सुदेश महतो आदित्य साहू के प्रस्तावक बने। उन्होंने दो सेट में पर्चा दाखिल किया है। बता दें कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आदित्य साहू को आजसू ने समर्थन देने की घोषणा की है। आजसू के झारखंड विधानसभा में 2 विधायक हैं। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी आदित्य साहू के नामांकन के दौरान विधानसभा में विरोधी दल के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा ने एक ग्रामीण कार्यकर्ता को बड़ा सम्मान दिया है। मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रत्याशी आदित्य साहू ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होनें कहा कि देश मे एकमात्र भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो अपने मंडल स्तर के कार्यकर्ता को भी उच्च सदन भेजकर सम्मान देती है। उन्होनें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति आभार जताया। कहा, पूरा एनडीए एकजुट है। आजसू के दोनों विधायक हमारे प्रस्तावक बने हैं। यह एनडीए की एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने आजसू प्रमुख सुदेश महतो का विशेष रूप से आभार जताया। कहा कि जिस उम्मीद के साथ पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मौका दिया है उसपर खड़ा उतारने का प्रयास करेंगे। झारखंड की समस्या को उच्च सदन में रखेंगे।

