धनबाद: धनबाद स्थित महावीर नगर भूदा में कल देर रात बीएसएनएल के सेवानिवृत्त एसडीओ और बीसीसीएल कर्मी के घरों से विदेशी मुद्रा सहित 17 लाख के जेवरात, नकद व कीमती सामान की चोरी कर ली गई। सूचना पाकर सुबह में धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पहली बार धनसार थाना क्षेत्र में विदेशी मुद्रा की चोरी हुई है।
महावीर नगर भूदा में बीएसएनएल टेलीफोन विभाग से रिटायर्ड एसडीओ श्यामसुंदर शरण और उनकी पत्नी वीणा सिन्हा (रिटायर्ड शिक्षिका) मंगलवार की रात घर के एक कमरे में सो रहे थे। बुधवार को अलसुबह जब उनकी पत्नी फूल लाने बागीचे में जा रही थी तो देखा कि घर के एक कमरे के खिड़की का ग्रिल उखाड़ा गया है। इसके रास्ते घर में घुसे चोरों ने अंदर आलमारी से पुराने जमाने के 15 लाख के जेवरात और 5600 पाउंड विदेशी मुद्रा चुरा ली थी। दंपती का बेटा लंदन में नौकरी करता है। दोनों अपने बेटे के पास छह महीने रहकर कुछ दिन पहले ही लौटे थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब वे लोग विदेश गए हुए थे, तब किसी प्रकार की घटना नहीं हुई, लेकिन आज वह एक कमरे में मौजूद थे, इसी दौरान बड़ी सफाई से अपराधी कमरे की खिड़की का ग्रिल उखाड़ कर घर में घुसे और लगभग 17 लाख की संपत्ति चोरी कर ली।
दूसरी घटना कुछ दूरी पर रहने वाले बीसीसीएल कर्मी अनिल कुमार के घर में हुई। अनिल बीसीसीएल सुदामडीह में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे। देर रात चोर एक अन्य कमरे की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर भीतर घुसे और कमरे को अंदर से लॉक कर दिया। इसके बाद कमरे में रखे हुए जेवरात, लैपटॉप और नगदी लेकर चलते बने। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग दो लाख रुपये है। घटना की जानकारी सुबह हुई।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ माह पहले भी उनके घर में चोरी की घटना हुई थी। यहां एक ही रात दो घरों में एक ही अंदाज में चोरी की घटना को अपराधियों की ओर से अंजाम दिए जाने के कारण क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस के सामने चुनौती यह है कि चोरों ने गृहस्वामी के घर में रहते हुए घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों को संदेह है कि चोरों ने गृहस्वामियों को सोई अवस्था मे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया होगा। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। वहीं धनसार थाना की पुलिस का कहना है कि घटना की छानबीन की जा रही है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

