झारखंड में कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार, 23 जून को 5437 सैंपल की जांच में 36 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान महज 10 कोरोना संक्रमित रिकवर हुए हैं, जिसके बाद झारखंड में कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 151 हो गई है।
23 जून को सबसे ज्यादा 21 नए संक्रमित रांची में मिले हैं, इसके बाद देवघर में 6, पूर्वी सिंहभूम में 5, हजारीबाग में 3 और बोकारो 1 नया कोरोना केस मिले है। जबकि इस दौरान कोरोना से रिकवर होने वाले लोगों में रांची में 5, पूर्वी सिंहभूम में 3, देवघर और लातेहार 1-1 लोग शामिल हैं. राज्य में अब एक्टिव केस की संख्या 151 है। अभी राज्य के 12 जिलों, रांची में 97, पूर्वी सिंहभूम में 19, देवघर में 17, बोकारो में 6, हजारीबाग और कोडरमा में 3-3 और चतरा, दुमका, जामताड़ा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में 1-1 संक्रमित मरीज है।
झारखंड में अभी तक 2 करोड़ 21 लाख 13 हजार 821 सैंपल कोरोना जांच के लिए लिए गए हैं, जिसमें 2 करोड़ 21 लाख 11 हजार 683 सैंपल की जांच हुई है। अब तक हुई जांच में 4 लाख 35 हजार 619 सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 4 लाख 30 हजार 149 कोरोना संक्रमित रिकवर हो गए। वहीं इस जानलेवा वायरस से अब तक 5319 लोगों की मौत हुई है।
कोरोना इंडिकेटर्स के अनुसार झारखंड में 7 डेज डबलिंग 19210 से घटकर 16132 दिनों का हो गया है. वहीं, झारखंड में कोरोना का रिकवरी रेट 98.76 फीसदी से घटकर 98.75 फीसदी हो गया है, जबकि मोर्टेलिटी रेट 1.22 फीसदी बना हुआ है। झारखंड में हर दिन तेजी से बढ़ रहे कोरोना केस अब डराने लगा है।
राज्य में 12 से 14 वर्ष के कुल 15 लाख 94 हजार बच्चों में 8,11,501 (51प्रतिशत) ने कोरोना वैक्सीन का पहला डोज और 3 लाख 6 हजार 514 (19प्रतिशत) ने दूसरा डोज लिया है. 15-17 वर्ष वाले कुल 23 लाख 98 हजार किशोरों में 14,66,685 (61प्रतिशत) ने पहला और 8 लाख 69 हजार 542 (36प्रतिशत) ने दूसरा डोज ले लिया है. इसी तरह 18 प्लस में 2 करोड़ 10 लाख 46 हजार 83 लोगों में सभी ने पहला और 1 करोड़ 55 लाख 03 हजार 627 (74प्रतिशत) ने वैक्सीन का दूसरा डोज ले लिया है।

