जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालुबासा महिमा रेसीडेंसी तीसरे तल्ले के किराए के एक फ्लैट में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सलमा खातून नामक महिला को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने उसके घर से नकद 6 लाख 400 रुपए, एक देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, 20 पुड़िया ब्राउन शुगर, 36.3 ग्राम सोने के गहने, इलेक्ट्रिक तराजू, 100 कैरी बैग और तीन मोबाइल भी बरामद किया।
वहीं मामले का खुलासा सिटी एसपी के. विजय शंकर ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में किया। वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि गिरफ्तार महिला सलमा खातून शहर में रंगदारी मांगती थी। जबकि उसका पति अफसर अली वर्तमान में ब्राउन शूगर खरीद बिक्री करने के धंधे में जेल में बंद है। वहीं रंगदारी मांगने और ब्राउन शूगर का कारोबार करने में सलमा का भाई बबन भी शामिल है।
पूछताछ में सलमा ने बताया कि पश्चिम बंगाल का रहने वाला एक युवक उसके घर पर आकर ब्राउन शूगर की सप्लाई करता है। जबकि युवक कहां से ब्राउन शूगर लेकर आता है, इसका खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। साथ ही पुलिस मेन सप्लायर का पता लगाने की कोशिश कर रही है। सलमा पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आई है। पुलिस का कहना है कि सलमा खातून हर तीन माह में अपना ठिकाना बदल देती है और इससे पहले वह गोलमुरी क्षेत्र में रहती थी। दो माह पहले ही उसने महिमा रेसीडेंसी में फ्लैट किराए पर लिया था। फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। छापेमारी टीम में मुख्यालय वन डीएसपी बिरेंद्र राम, सीतारामडेरा थाना प्रभारी अखिलेश्वर प्रसाद मंडल, एसआई विश्वनाथ कुमार राणा, गुलशन बिरूवा, पिंकी प्रियंका हेंब्रम समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।

