रांची: झारखंड में एक बार फिर कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। राज्य में कोरोना के 232 सक्रिय मामले में सबसे अधिक रांची में 116 केस सक्रिय है। कोरोना से राज्य के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) से एक मरीज की मौत हुई है। सोमवार सुबह को बताया गया कि इन 24 घंटों में कोरोना से 15 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसके विपरीत राज्य के चार जिले से कोरोना के 27 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार देवघर से एक, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर )से आठ, हजारीबाग से छह और रांची से 12 मरीज मिले हैं।
रिम्स के डॉक्टर देवेश ने बताया कि लोगों को टीका समय पर लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि तीसरी लहर और वर्तमान में भी मिल रहे मरीजों के गंभीर नहीं होने के पीछे सबसे बड़ा कारण कोविड का टीका ही है। टीका लगने से ही कोरोना होने के बाद भी लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं हो रहे हैं।

