रांची:ओरमांझी सिकिदिरी थाना की पुलिस ने बुधवार की सुबह गेतलसूद डैम से एक युवक का शव बरामद किया है। शव की पहचान टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के चतरा गांव निवासी प्रीतम महतो 23 वर्ष पिता रामलाल महतो के रूप में की गई है।सिकिदिरी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। जानकारी के अनुसार प्रीतम पिछले तीन दिनों से अपने घर से गायब था। इस संबंध में स्वजन प्रीतम के तीन दिनों से लापता होने से संबंधित थाना में सनहा दर्ज नहीं कराया था। स्वजन अपने स्तर से उसकी तलाश में लगे हुए थे।बुधवार की सुबह डैम किनारे मवेशी चरा रहे लोगों ने देखा कि डैम में एक युवक का शव इतरा रहा है। चरवाहों ने इस की सूचना सिकिदिरी थाना की पुलिस को दी।सिकिदिरी थाना प्रभारी भगवान तामसोय ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही युवक की मौत के कारणों का पता चलेगा।फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।

