रांची: झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021 के लिए आवेदन करने वाले 52536 अभ्यर्थियों के आवेदन को रद्द कर दिया है।
जेएसएससी की ओर से शुक्रवार को यह बताया गया कि झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2021 के लिए अहर्त्ता प्राप्त आवेदकों से 15 जनवरी 2022 से 25 मार्च 2022 तक आवेदन प्राप्त किये गये। आवेदकांे को यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि यथा स्थिति फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड किये बिना आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तथा इसके अभाव में संबंधित आवेदक की अभ्यर्थिता आयोग द्वारा रद्द कर दी जाएगी, जिसके लिए संबंधित आवेदक स्वयं उत्तरदायी हांगे।
इस सूचना और सुविधा के बावजूद 47183 आवेदकों द्वारा आवेदन के प्रारंभिक चरण को पूरा नहीं किया गया और परीक्षा शुल्क का भुगतान भी नहीं किया गया। जबकि 5342 आवेदकों द्वारा परीक्षा शुल्क भुगतान करने के बाद अपना फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किया गया, इसमें वैसे अभ्यर्थी भी सम्मिलित हैं,जो झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2019 की परीक्षा में शामिल थे। इसके अलावा 11 आवेदकों द्वारा एसटी,एससी, एवं दिव्यांग कोटि के अभ्यर्थियों द्वारा जो अपने आरक्षण कोटि को लेकर वर्ग कोटि में संशोधन किया गया,लेकिन उनके द्वारा संशोधित कोटि के अनुमान्य परीक्षा शुल्क की अंतर राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इसलिए इन सभी आवेदकों को रद्द किया जाता है।

