झारखंड के खूंटी जिला में एक ही घर में तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गयी. मृतकों में दो लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं. तीसरा उनका रिश्तेदार था. घटना खूंटी थाना क्षेत्र के भंडरा चांडीडीह में रविवार की रात की है. हत्या का आरोप मृतक के परिवार के रिश्तेदार पर ही लगा है.
मृतकों का रिश्तेदार है हत्या का आरोपी हेमंत
मृतकों की पहचान वितना मुंडा (65 वर्ष), सुड़ा मुंडा (25 वर्ष) और विकास महतो के रूप में हुई है. वितना मुंडा और सुड़ा मुंडा पिता-पुत्र थे, जबकि विकास महतो उनका रिश्तेदार. इन तीन लोगों की हत्या करने का आरोप हेमंत पूर्ति पर लगा है. आरोपी हेमंत पूर्ति मृतक वितना मुंडा का रिश्तेदार ही है.
हेमंत पूर्ति की मानसिक स्थिति नहीं है ठीक- परिजन
परिजनों ने बताया है कि हेमंत पूर्ति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के संबंध में वितना मुंडा के बेटे सोमा मुंडा ने बताया कि आरोपी गंजगांव का रहने वाला है. वह शुक्रवार को ही मेहमानी के लिए गांव आया हुआ था. रविवार की रात को सभी लोग खाना खाने के बाद सो गये थे.
कुदाल से वार करके तीन लोगों मार डाला
आरोपी हेमंत पूर्ति अलग कमरे में सोया हुआ था. वहीं वितना मुंडा, सुड़ा मुंडा और विकास महतो एक कमरे में सोये थे. रात में हेमंत ने कुदाल से वार करके तीनों लोगों को मौत के घाट उतार दिया. वितना, सुड़ा और विकास की चीख सुनकर परिजन उस कमरे में गये और हेमंत को पकड़कर सुबह में पुलिस के हवाले कर दिया.

