देवघर: वाहन चेकिंग के दौरान आज एक महिला की मौत हो गई।जिसका आरोप पुलिस की कार्यशैली पर लगा है। आरोप ये भी है कि चलते वाहन से चाबी खींचने की वजह से मोटरसाइकिल सवार गिर पड़ा जिससे महिला की मौत हो गई।
क्या है मामला
देवघर के कई चौक-चौराहों पर बड़े पैमाने पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी सिलसिले में आज कुंडा मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी बीच एक पुरुष मोटरसाइकिल पर एक महिला के साथ आ रहा था.
ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बाइक से पुलिस ने चाबी निकाल ली. इसी क्रम में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लोग ( महिला और पुरुष) सड़क पर गिर पड़े. जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई। चोट लगने के कारण महिला की पास के एक निजी अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।
पुलिस पर लगाया ये भी आरोप
कई लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी द्वारा हेलमेट मारने से महिला की मौत हुई है. इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया. टायर जलाकर पुलिस कर्मियों का विरोध किया गया.
घटना की देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. लेकिन आक्रोशित लोगों को समझाने में पुलिस विफल रही है. स्थानीय लोग ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर कई आरोप लगा रहे हैं. वहीं पुलिस के साथ स्थानीय लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार करने का मामला भी सामने आ रहा है।
चेकिंग के दौरान वाहन से चाबी निकालने की शिकायत पूर्व में भी कई जगह सामने आ चुकी है। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन सिस्टम में गाड़ी के नंबर से ही गाड़ी के कागजात के पता लगाया जा सकता है। परंतु पुलिस वर्दी का रौब दिखाकर चलती वाहन से चाबी निकाल लेते हैं। जिससे ऐसी घटनाएं होती है।
