दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत खराब होने के बाद उनका इलाज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा है। जहां राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत परिवार के लोग और पार्टी नेता मौजूद है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गुरुवार को अस्पताल पहुंच कर उनके स्वास्थ की जानकारी ली थीं।। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर पूजा अर्चना कर रहे हैं।
नेफ्रोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की टीम जांच में जुटी
शिबू सोरेन के बीमार होने के बाद से सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन लगातार दिल्ली में ही डेरा डाले हुए है। नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉक्टर एके भल्ला की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम गुरु जी का इलाज कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी शिबू सोरेन से मिलने दिल्ली गए
वही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी बेला प्रसाद के साथ उन्हें देखने दिल्ली गए हैं। जबकि दोनों संथाल परगना के दौरे पर थे।इसकी जानकारी स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया है कि वह कांग्रेस के प्रभारी के. राजू के निर्देश पर संताल परगना का दौरा छोड़ कर दिल्ली रवाना हो रहे हैं। उन्होंने शिबू सोरेन और उनके पिता फुरकान अंसारी के रिश्ते का भी जिक्र किया है और बताया है कि दोनों ही झारखंड अलग राज्य निर्माण के लिए पूरी ताकत लगा दी थी और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया है।
उन्होंने लिखा है कि स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते उनका फर्ज बनता है कि इस कठिन समय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के साथ रहे। उन्होंने कहा है कि वह गुरु जी को स्वस्थ करके अपने साथ लाएंगे।
रघुवर दास ने हेमंत सोरेन से फोन कर जानकारी ली
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को गुरुजी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फोन किया। रघुवर दास ने हेमंत सोरेन से हुई फोन पर बातचीत के बाद बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हे जानकारी दी है कि बाबा को हल्का पैरालिसिस अटैक आया है।
रघुवर दास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा – ‘मै महाप्रभु भगवान जगन्नाथ से बाबा के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं, वो यथाशीघ्र स्वस्थ होकर झारखंड की जनता की सेवा में जुट जाए।’

