झारखंड के पलामू में उग्रवादियों और जवानों के बीच भीषण मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए हैं। शहीद हुए जवानों की पहचान संतम कुमार और सुनील राम के रूप में हुई है। वहीं इस एनकाउंटर में घायल हुए जवान की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, वो खतरे से बाहर हैं।
इस मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी नौशाद आलम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कर्मा पूजा का आयोजन है और इस दौरान प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी के नक्सली दहशत फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। सूचना के आधार पर एसपी के नेतृत्व में पुलिसकर्मी दो दलों में बांटकर सर्च अभियान में निकले थे। इस दौरान हमले में दो जवान शहीद हो गए।
इस मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी ने कहा कि जैसे ही जवान पहाड़ी रास्ते से गुजर रहे थे, छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन मुठभेड़ में दो जवान, संतन कुमार मेहता और सुनील राम शहीद हो गए। रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों पहले टाइगर मोबाइल में तैनात रह चुके हैं। गोलीबारी में नक्सलियों के भी हताहत होने की संभावना है, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका है। पूरी घटना के बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शहीद जवानों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
तीनों हताहत जवान पलामू के ही रहने वाले हैं। शहीद जवान संतान कुमार हैदर नगर थाना क्षेत्र के बरेवा गांव निवासी है जबकि सुनील राम हैदर नगर थाना क्षेत्र के परता गांव के रहने वाले हैं। जख्मी रोहित कुमार पड़वा थाना क्षेत्र के चना गांव के रहने वाले हैं। सुनील कुमार अभियान एसपी का बॉडीगार्ड है जबकि संतान कुमार एवं जख्मी रोहित कुमार टीओपी वन का टाइगर पुलिस जवान हैं।