खेलो झारखंड 2025: राजधानी का खेलगांव एक बार फिर खिलाड़ियों के जोश और जज्बे से गुलजार होने वाला है। झारखंड स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा ‘खेलो झारखंड राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 2025’ का आयोजन 10 अक्तूबर से 2 नवंबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 27 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इसमें एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, क्रिकेट जैसे प्रमुख खेल हैं। 20 दिनों से अधिक चलनेवाली इन प्रतियोगिता में राज्यभर से लगभग 10 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 100 से अधिक शिक्षक और खेल अधिकारी आयोजन संचालन का जिम्मा संभालेंगे।
विभागीय प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को राज्यस्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर देना और उनमें खेल के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना है। खेलगांव में प्रतियोगिताओं के साथ-साथ खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की भी व्यवस्था की गई है। विभाग ने सुरक्षा, चिकित्सा और परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस बार प्रतिभा पहचान पर भी खास जोर रहेगा, ताकि भविष्य के संभावित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए जा सकें। विजेताओं को नेशनल में मौका खेलो झारखंड के विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। शिक्षा विभाग को ही राज्य में एसजीएफआई की प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी मिली हुई है। इसके लिए विभाग ने खेलो झारखंड के तहत ही प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन का रास्ता निकाला है। हालांकि, इसमें कई तकनीकी समस्याओं का सामना विभाग को करना पड़ा है। अब इस प्रतियोगिता के विजेताओं को सीधे राष्ट्रीय स्कूली खेल में झारखंड टीम की ओर से भेजा जाएगा। इन खेलों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता फुटबॉल, तीरंदाजी (इंडियन राउंड), हॉकी, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, कुश्ती, चेस, वुशु, ताइक्वांडो, तैराकी और साइक्लिंग। इन खेलों में ओपन ट्रायल गतका, तीरंदाजी (कंपाउंड व रिकर्व), वॉलीबॉल, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, नेटबॉल, बास्केटबॉल, योग, मलखंब, हैंडबॉल, शूटिंग, बैडमिंटन, जूडो, टेबल टेनिस व स्केटिंग।