बिहार विधानसभा चुनाव के रुझान सामने आने लगे हैं और एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है. इसी बीच मोकामा सीट से बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह चुनाव जीत गए हैं
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अनंत सिंह 28206 वोटों से जीते हैं. 26वें राउंड की गिनती के बाद उन्हें 91416 वोट मिले हैं. वहीं राजद की वीणा देवी हार गयी हैं. उन्हें 63210 वोट ही मिल पाए. खास बात यह है कि गिनती शुरू होने और अंत तक किसी भी राउंड में पीछे नहीं हुए हैं.
अनंत सिंह के घर जश्न का माहौल
अनंत सिंह भले ही इस समय जेल में हों, लेकिन अनंत सिंह के जीतने से समर्थकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. उनके आवास पर सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है. घर में जश्न का माहौल है. भोज की तैयारी चल रही है. गुलाब जामुन और तरह-तरह की मिठाइयां भी बन रही हैं.
इधर प्रशासन ने भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है. क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके.

