हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार 24 नवंबर की सुबह उन्होंने जुहू स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। अभिनेता का अंतिम संस्कार विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में किया गया। सलमान खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन समेत कई बॉलीवुड हस्तियों ने श्मशान घाट पहुंच कर अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
धर्मेंद्र का जन्म लुधियाना में 8 दिसंबर 1935 को हुआ था। उनका पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल था। उन्होंने 1960 में हिन्दी फिल्मों में पदार्पण किया। बलराज साहनी और कुमकुम इस फिल्म में उनके सह-कलाकार थे। उनकी पहली फिल्म थी, ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे।’ अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म में उन्हें ‘धर्मेंद्र’ के नाम से प्रस्तुत किया गया और यही उनका फिल्मी नाम बन गया।
धर्मेंद्र की पहली चर्चित फिल्म बिमल रॉय की बन्दिनी थी जिसमें उनके साथ सुपरस्टार अभिनेत्री नूतन थीं। बन्दिनी को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ था। हकीकत, फूल और पत्थर, बहारें फिर भी आएँगी, आँखें, मेरा गाँव, मेरा देश, शोले इत्यादि उनकी चर्चित फिल्में थीं।

