कोडरमा: झारखंड के कोडरमा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कफ सीरप पीने की वजह से एक डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई है। घटना शनिवार रात की है। अधिकारियों ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी है। बता दें कि देश में कफ सीरप पीने की वजह से कई बच्चे अपनी जान गंवा चुके हैं।
क्या है मामला?
रविवार को अधिकारियों ने बताया कि झारखंड के कोडरमा जिले में कथित तौर पर कफ सिरप पीने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। मामला शनिवार देर शाम कोडरमा पुलिस स्टेशन के तहत लोकई भुइयां टोला से सामने आया। मृतक बच्ची की पहचान रागिनी कुमारी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बच्ची के परिवार ने अपने इलाके के एक प्राइवेट मेडिकल स्टोर से कफ सिरप खरीदा था। कोडरमा के सिविल सर्जन अनिल कुमार ने PTI को बताया कि स्वास्थ्य विभाग को बच्ची की मौत की रिपोर्ट मिल गई है, और आगे की जांच जारी है।
उन्होंने ये भी बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर (DI) को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और उन्हें सोमवार को इस मामले में बुलाया गया है।
पहले भी कफ सिरप पीने से बिगड़ी थी बच्चों की हालत
2025 में कफ सीरप से जुड़ी मौतों के कई मामले सामने आए थे। मध्य प्रदेश (मुख्य रूप से छिंदवाड़ा जिले) और राजस्थान में कफ सिरप की वजह से कुछ बच्चों की मौतें भी हुई थीं। यह मौतें मुख्य रूप से Coldrif नामक कफ सीरप से जुड़ी थीं। मिली जानकारी के मुताबिक, इस सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) नामक जहरीला केमिकल बहुत अधिक मात्रा में पाया गया था, जो किडनी फेलियर का कारण बना था।
इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ा था और कफ सिरप से जुड़े लोगों पर कार्रवाई शुरू हुई थी। इस मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारियां भी हुई थीं।

