भारत मौसम विज्ञान विभाग, भारत मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड रांची के विशेष बुलेटिन के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक भारी ठंड एवं शीतलहरी की स्थिति बनी रहने की संभावना है। जिले को येलो जोन की श्रेणी में चिन्हित करते हुए भारी ठंड एवं शीतलहरी की चेतावनी जारी की गई है।
जिसको लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने दिशा-निर्देश जारी किया। छात्रों छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से छठी तक का पठन पाठन कार्य 12 से 14 जनवरी तक पूर्णतः स्थगित रहेगा।
कक्षा 7 से कक्षा 12 तक सुबह 10 बजे से संचालित
कक्षा 7 से कक्षा 12 तक के छात्र छात्राओं का पठन-पाठन कार्य सुबह 10 बजे से संचालित किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन इसकी पूर्ण जिम्मेदारी सुनिश्चित करेंगे। सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधन को निर्देश दिया जाता है कि वे उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन करें।
यदि उक्त अवधि में किसी विद्यालय में परीक्षा आयोजित है, तो परीक्षा का संचालन विद्यालय अपने विवेकानुसार कर सकते हैं। सभी अभिभावक, छात्र छात्रा एवं विद्यालय प्रबंधन से अनुरोध है कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

