चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित सारंडा जंगल से बड़ी खबर आ रही है। यहां सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ होने की सूचना है। यही नहीं, इस मुठभेड़ में कई माओवादियों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुबह से ही रुक- रुक कर फायरिंग हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास गुरुवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें भाकपा माओवादी नक्सली मारे जाने की सूचना हैं। घटना की कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी। हालांकि मौत का आंकड़ा उन्होंने नहीं दिया। सूचना है कि मुठभेड़ में एक 50 लाख के इनामी नक्सली को भी पुलिस ने मार गिराया है। बहरहाल, समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी है।

