आज हिन्दुस्तान कॉपर के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। शेयर मार्केट खुलते ही हिन्दुस्तान कॉपर के शेयर रेड में ट्रेड होते नजर आए। सुबह 9:15 पर कंपनी के शेयर 2-3% यानी कि 17-18 रुपये तक गिरकर 575 रुपये प्रति शेयर के आस-पास ट्रेड हो रहे थे। दरअसल झारखंड सरकार ने कंपनी को वैध वैधानिक मंजूरी के बिना उत्पादन करने के आरोप में 929 करोड़ रुपये से अधिक का मांग नोटिस जारी किया है और इस खबर का असर आज शेयरों पर देखने को मिल रहा है।
शुक्रवार को शेयर मार्केट बंद होने के बाद कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि झारखंड सरकार के खान एवं भूविज्ञान विभाग के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर स्थित जिला खनन कार्यालय (डीएमओ) द्वारा मुआवजे की वसूली के लिए मांग नोटिस जारी किया गया है। कंपनी ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा, ‘सूरदा खदान से वैधानिक मंजूरी के बिना या अनुमेय सीमा से अधिक उत्पादन का आरोप लगाते हुए जमशेदपुर स्थित डीएमओ ने 929,40,06,242 रुपये के मुआवजे की वसूली के लिए मांग नोटिस जारी किया है।’
12 फरवरी को मिले नोटिस के मुताबिक, प्रोडक्शन ईयर 2000-01 से 2016-17 के दौरान हुआ था, जिसके कारण सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस मामले पर दिए गए कॉमन कॉज के फैसले के अनुसार खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) के तहत दायित्व बनता है। कंपनी ने आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि वह इस संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। हिन्दुस्तान कॉपर ने कहा कि कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर प्रभाव अंतिम आदेश की सीमा तक ही सीमित रहेगा। शुक्रवार को एनएसई पर हिन्दुस्तान कॉपर के शेयर 5.31% गिरकर 591.50 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए थे।
खान मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली मिनीरत्न कैटेगरी-I सीपीएसई, हिन्दुस्तान कॉपर ने 5 फरवरी को 31 दिसंबर, 2025 को खत्म तिमाही (वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही) के लिए अपने समेकित शुद्ध लाभ में 148.49% की वृद्धि दर्ज करते हुए 156 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। भारत की इकलौती एकीकृत तांबा उत्पादक कंपनी ने पिछले साल की समान अवधि में 62.87 करोड़ रुपये का PAT (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) दर्ज किया था।
(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

