Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने JPSTAACCE-2023 के अंतर्गत स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) सामाजिक विज्ञान शिक्षक का अतिरिक्त परिणाम एवं संशोधित परिणाम जारी कर दिया है.
आयोग ने यह कार्रवाई शिक्षा विभाग से प्राप्त निर्देश और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में किया है. न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि जिन अभ्यर्थियों ने आरक्षित श्रेणी में छूट (जैसे अंकों में रियायत, आयु सीमा, अनुभव आदि) का लाभ लेकर पात्रता प्राप्त की है, वे सामान्य (अनारक्षित) श्रेणी में समायोजित नहीं किए जा सकते.
400 से अधिक अभ्यर्थियों का अतिरिक्त परिणाम जारी
आयोग ने विभिन्न जिलों जिनमें – बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, पलामू, रांची, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा एवं पश्चिमी सिंहभूम के कुल 400 से अधिक अभ्यर्थियों का अतिरिक्त परिणाम प्रकाशित किया है.
पूर्व प्रकाशित परिणाम में चयनित कुछ अभ्यर्थियों के जिला व श्रेणी (कैटेगरी) में भी संशोधन किया गया है. संशोधित सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://jssc.jharkhand.gov.in/ पर उपलब्ध है.
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से परिणाम जांच सकते हैं. किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आयोग से संपर्क करने की सलाह दी गई है. आगे की नियुक्ति प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार संपन्न होगी.

