रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एक निजी चार्टर एम्बुलेंस बीच हवा में रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया है. विमान में एक गंभीर मरीज, मेडिकल टीम और पायलट समेत कुल पांच लोग सवार थे. रडार से संपर्क टूटने और निर्धारित समय पर दिल्ली न पहुंचने के बाद अब किसी बड़ी अनहोनी की आशंका गहरा गई है.
शाम 7 बजे शुरू हुआ सफर, 90 मिनट बाद मच गया हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार इस निजी चार्टर एम्बुलेंस ने सोमवार शाम 7:00 बजे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए टेक-ऑफ किया था. इसे रात 8:30 बजे दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड करना था. लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद, जब विमान झारखंड के भौगोलिक रूप से दुर्गम इलाकों के ऊपर था. अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से इसका संपर्क टूट गया.
लातेहार और पलामू के बीच डार्क जोन में विमान
विमान की आखिरी लोकेशन लातेहार और पलामू के बीच स्थित घने जंगली और पहाड़ी इलाकों में बताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक उस समय इलाके में मौसम अचानक खराब हो गया था. तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही थी. अंदेशा जताया जा रहा है कि खराब दृश्यता या तकनीकी खराबी के कारण विमान अपना रास्ता भटक गया या फिर किसी हादसे का शिकार हो गया. लातेहार और पलामू का यह क्षेत्र बेहद घना जंगल है. जिससे सर्च ऑपरेशन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन में मची खलबली
विमान के लापता होने की खबर मिलते ही रांची और दिल्ली एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया है. झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन ने लातेहार और पलामू जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर डाल दिया है. स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की टीम से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि जंगल के भीतर किसी भी तरह की संदिग्ध आवाज या आग की सूचना मिल सके. विमान में सवार पांच लोगों के परिजनों का बुरा हाल है. सभी की नजरें अब सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं. क्या यह केवल एक रेडियो साइलेंस है या कोई बड़ी त्रासदी, इसका खुलासा अब रेस्क्यू टीम की खोज के बाद ही हो पाएगा.

