नेपाल में पांच मार्च को हुए मतदान के बाद अब मतगणना हो रही है। नेपाल के आम चुनाव के शुरुआती परिणाम सियासी समीकरण बदलने के संकेत दे रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। करीब 60 फीसदी मतदान के बीच केपी शर्मा ओली और गगन थापा जैसे बड़े नेता भी चुनावी मैदान में हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड ने दर्ज की जीत
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ एक बार फिर चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। उन्होंने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल करते हुए रुकुम ईस्ट-1 सीट से प्रतिनिधि सभा के लिए अपनी जगह बनाई है। इस सीट पर प्रचंड ने 10,240 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लीलामणि गौतम रहे, जो सीपीएन-यूएमएल से चुनाव मैदान में थे। गौतम को कुल 3,462 वोट मिले।
9 मार्च तक पूरी हो सकती है मतगणना
नेपाल में हुए आम चुनावों की मतगणना 9 मार्च तक पूरी होने की संभावना जताई गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने बताया कि चुनाव आयोग पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि 165 सीटों की गिनती पूरी होने के 24 घंटे के भीतर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। आयोग इस बार मतगणना को पहले से अधिक तेज और पारदर्शी बनाने की कोशिश कर रहा है। 2022 के आम चुनाव में सभी नतीजे आने में लगभग दो सप्ताह का समय लग गया था। हालांकि इस बार चुनाव आयोग का दावा है कि परिणाम पहले की तुलना में काफी जल्दी घोषित किए जाएंगे।
झापा-5 में बालेन 31,116 वोटों से आगे
इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा का केंद्र रहे झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 के लिए मतगणना के अनुसार, आरएसपी उम्मीदवार बालेन शाह सीपीएन-यूएमएल अध्यक्ष केपी शर्मा ओली से लगभग चार गुना अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। शाह ने अपनी बढ़त को 42,543 वोटों से बढ़ा लिया है। यूएमएल अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली दूसरे स्थान पर हैं, उन्हें 11,427 वोट मिले हैं।

