चतरा: जोरी थाना क्षेत्र के पोस्तिया गांव में चल रही अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का प्रशासन ने भंडाफोड़ कर दिया। उपायुक्त कीर्तिश्री के निर्देश पर एसडीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर करीब 5 लाख रुपये की नकली शराब बरामद की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 1318 बोतल नकली शराब जब्त की, जिन पर रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज जैसे महंगे ब्रांड के नकली ढक्कन और स्टिकर लगाए गए थे। मौके से बोतल सील करने की मशीन और कच्चा स्प्रिट भी बरामद किया गया।
पुलिस ने इस मामले में अनिल कुमार यादव, बीरबल कुमार और ब्रजेश यादव को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के सरगना दिलीप यादव और मोहन यादव छापेमारी के दौरान फरार होने में सफल रहे।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यहां तैयार की जा रही नकली शराब को झारखंड से बिहार ले जाकर दुगने दामों पर बेचा जा रहा था। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

