जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित जुड़ी रेलवे फाटक के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने के कारण हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाड़ग्राम से एक ही परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए सफेद रंग की कार से रायरंगपुर जा रहे थे। इसी दौरान हाता के पास जुड़ी रेलवे फाटक पर कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन फाटक के बम्पर से टकराते हुए आगे बढ़ गया।
अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे टाटा मैजिक यात्री वाहन और दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला समेत तीन गंभीर घायलों को एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में तीन की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर मौजूद लोग कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी घायलों का इलाज जारी है।

