चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोटरसाइकिल से गांव-गांव घूमकर मोबाइल चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी रात के समय गांवों में घूमकर घरों में घुसते हैं और सो रहे लोगों के मोबाइल चोरी कर लेते हैं। इसके बाद वे इन मोबाइल को कम कीमत पर बेच देते थे।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गितिलिपी मोड़ के पास बुलेट बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अमन निषाद, सुरेंद्र सुण्डी और हिमांशु पिंगुवा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 7 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दो दिन पहले झींकपानी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर और इचापुर गांव में घरों में घुसकर मोबाइल चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमन निषाद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह हाल ही में 25 मार्च 2026 को जेल से बाहर आया था। वहीं, हिमांशु पिंगुवा के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तीनों आरोपियों ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस छापेमारी अभियान में सदर एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।

