पलामू: जिले के रेहला थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव में जमीन विवाद में भतीजे ने सगे चाचा को गोली मार दी. मेदनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान ने चाचा ने दम तोड़ दिया. हत्यारा भतीजा फरार बताया जाता है. पुलिस तलाश कर रही है.जानकारी के अनुसार मृतक मुरमा कला निवासी अलीमुद्दीन अंसारी (55वर्ष) है. हत्यारा भतीजा अजीज अंसारी के पुत्र अकबर अंसारी (24 वर्ष) है.
बिश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया कि अकबर अंसारी और अलीमुद्दीन अंसारी के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण गुरुवार की सुबह अकबर अंसारी ने अलीमुद्दीन अंसारी को दो गोली मार दी.
परिजनों के बयान पर इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की गई है. उन्होंने कहा कि जमीन के छोटे और बड़े टुकड़ों के लिए अपनों के अलावा किसी का खून बहाना कहीं से भी जायज नहीं है. कानून इसका इजाजत नहीं देता. आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
रेला के थाना प्रभारी श्री भगवान सिंह ने जानकारी दी कि सुबह के समय अलीमुद्दीन अंसारी घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर बैल चरा रहे थे. इसी बीच उनका भतीजा अकबर अंसारी वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे सुने फायरिंग कर दी. अकबर ने दो गोली अलीमुद्दीन अंसारी को मार दी.

