जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना अंतर्गत डिस्पेंसरी रोड में स्थित एसआईएस कंपनी के सुरक्षा गार्ड मंदीप कुमार (25) का कार्यालय में ही शव सोमवार की देर रात फंदे से लटकता मिला। बर्मामाइंस के केबुल बस्ती में रहने वाले मृतक के परिजनों को रात करीब 2 बजे घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा गया। परिजनों ने मनदीप के सहकर्मियों पर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक मूल रूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला था। केबुल बस्ती में वह अपने चाचा शिवजी यादव के साथ रहता था। उसके पिता का 2005 में निधन हो चुका है। जबकि मां और बहन गांव में रहते हैं। उसकी मौत की जानकारी उसकी मां और बहनों को दे दी गई है। सभी शहर के लिए निकल चुके हैं।
मृतक के चाचा ने बताया- उनके भतीजे को किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी। रात 9:30 बजे खाना खाकर वह ड्यूटी पर गया था। करीब रात 2 बजे उसके कुछ सहकर्मी घर पहुंचे। उन्हें बताया गया कि उनके भतीजे की स्थिति खराब है। वे जब भतीजे के ऑफिस पहुंचे तो भतीजा फंदे से लटकता मिला। शिवजी यादव के अनुसार, उनका भतीजे को किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी, तो वह आत्महत्या क्यों करेगा। आरोप लगाया कि भतीजे के कार्यशैली से उसके कुछ सहकर्मी नाराज थे। ड्यूटी के दौरान उसके कुछ सहकर्मी सोए रहते थे। इसकी तस्वीर खींच भतीजे ने कंपनी के मालिक को दिया था। इस बात की जानकारी भी भतीजे ने उन्हें दी थी। ऐसे में आशंका है कि उसके सहकर्मियों ने ही भतीजे की हत्या की है।

