रांची: कोरोना संक्रमण का आंकड़ा राज्य में घटकर 100 से भी कम हो चुका है। राहत देने वाली बात है कि शनिवार को छह जिलों चतरा, गोड्डा, पाकुड़, पलामू, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम में एक भी संक्रमित नहीं मिले। वहीं, 18 जिलों में कुल 98 मरीज की पुष्टि हुई। उधर, विभिन्न जिले में 166 मरीजों ने कोरोना को मात दी। हालांकि तीन संक्रमितों की मौत भी हुई। मृतकों में बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और खूंटी से 1-1 मरीज शामिल हैं।
अब झारखंड में 1,113 एक्टिव केस बचे हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 3,45,161 पहुंच गई है। इनमें से 3,38,870 लोगों ने कोरोना को मात दिया है। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5107 हो गई है।
शनिवार को कहां मिले कितने मरीज
बोकारो में 8, देवघर में 7, धनबाद में 7, दुमका में 1, पूर्वी सिंहभूम में 7, गढ़वा में 4, गिरिडीह में 2, गुमला में 7, हजारीबाग में 4, जामताड़ा में 2, खूंटी में 4, कोडरमा में 1, लातेहार में 9, लोहरदगा में 2, रामगढ़ में 1, रांची में 18, साहिबगंज में 2 और सिमडेगा में 12
बच्चाें के लिए 300 बेड तैयार, 700 पर काम
इधर, काेराेना की तीसरी लहर की आहट काे देखते हुए झारखंड सरकार पुख्ता तैयारी करने में जुट गई है। इस लहर में बच्चाें काे ज्यादा नुकसान हाेने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए राज्य में बच्चाें के लिए 300 से ज्यादा बेड तैयार कर लिए गए हैं। 700 बेड पर काम चल रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत साेरेन खुद तैयारियाें की माॅनिटरिंग कर रहे हैं।
धनबाद में अब तक जून में किसी भी दिन 1 से अधिक मौत नहीं
वहीं, धनबाद में भी काेराेना संक्रमण की दूसरी लहर अब कमजाेर पड़ गई है। अप्रैल और मई में राेजाना 400-500 सैंपलाें की जांच में 60-70 यानी तब हर 7वां शख्स संक्रमित मिलता था। अब 1.5-2 हजार सैंपलाें की जांच में चार-पांच पाॅजिटिव ही मिल रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, जिले में फिलहाल हर राेज लगभग दाे हजार सैंपलाें की जांच हाे रही है। इनमें से करीब 1.5 हजार आरटीपीसीआर से और बाकी ट्रू-नेट से जांच की जा रही है। जून में अब तक 39 हजार सैंपलाें की जांच आरटीपीसीआर से और 9 हजार सैंपलाें की जांच ट्रू-नेट से की गई हैं। इनमें कुल 518 संक्रमिताें की पहचान की गई। संक्रमण की इस दर से जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग राहत महसूस कर रहा है।

