चतरा जिले की सदर थाना पुलिस ने जामताड़ा जिले के करमाटांड थाना क्षेत्र के करमटांड बस्ती में छापेमारी कर सलाउद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू नामक साइबर आरोपी को दबोच लिया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि 26 जून को स्थानीय गौरक्षणी रोड निवासी आनंद कुमार ने 5.25 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। तकनीकी शाखा के सहयोग से वादी के खाते से अवैध रूप से खरीदी गई दो एप्पल आइफोन का आइएमईआइ फ्लिपकार्ट के माध्यम से पता किया गया।
उसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची तथा जामताड़ा में छापेमारी की। जामताड़ा से वादी के खाते से अवैध रूप से खरीदे गए एक एप्पल आइफोन के साथ आरोपी को करमाटांड से गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी के पास से पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड के तीन मोबाइल, बैंक ऑफ इंडिया का पासबुक व बंधन बैंक का एक एटीएम कार्ड जब्त किया गया है।
पांच लाख रुपये की हुई बिजली बिल वसूली
राजपुर थाना के समीप आयोजित तीन दिवसीय बिजली बिल शिविर के अंतिम दिन सोमवार को तकरीबन पांच लाख रुपये बिजली बिल वसूली की गई। इस दौरान लाभुकों का विलंब शुल्क एवं शुद्ध माफ कर बिल चुकता कराया गया। बिल माफी योजना के अंतर्गत प्रखंड क्षेत्र में लंबे दिनों से बकाया बिजली बिल भी जमा कराया गया। इस दौरान कनीय अभियंता अशोक पांडेय ने बताया कि जो लोग पुराने बिजली बिल जमा नहीं कर पाए हैं, उनके लिए एक दिन की अवधि और बढ़ा दी गई है। लाभुक शिविर में आकर बिजली बिल जमा करा लें। अन्यथा अभियान चलाकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

