पलामू: नए पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा शुक्रवार को ट्रैफिक की समस्या को लेकर मुख्यालय डालटनंज की सड़कों पर पैदल निकल पड़े. समय दोपहर तकरीबन 1.45 मिनट बजे. पुलिस अधीक्षक सबसे पहले नगर निगम द्वारा आवंटित पार्किंग स्थल पहुंचे. यहां उन्होंने देखा कि पार्किग स्थल में दो गरीब दुकानदार अपनी दुकानदारी चला रहे हैं.
उन्होंने उन लोगों से पूछा तो उनका जवाब था कि कहीं जगह नहीं है, वर्षों से यहीं कारोबार करते आए हैं. एसपी साहब ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि उन्होंने अभी जहां दुकानें लगा रखी हैं, वहां से चार कदम पीछे हो जाएं.इससे उनका रोजगार भी प्रभावित नहीं होगा और ट्रेफिक व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहेगी. यहीं पर उन्होंने शहर कोतवाल अरूण कुमार महथा को पार्किंग स्थल को निगम के साथ तालमेल बनाकर तत्काल दुरूस्त करने का निर्देश दिया.
यहां से पैदल पुलिस अधीक्षक का काफिला पहुंचा श्रृंरगार स्टोर रोड पहुंचा. पुराना कुंआ, एलआइसी बिल्डिंग रोड पर एसपी ने दुकानों के बाहर सजे सामनों को देखा और दुकानदारों को बहुत ही प्यार से अपने नजदीक बुलाया और उन्हें भविष्य में सामान दुकान से बाहर न रखने की हिदायत दी.पुलिस अधीक्षक पंचमुहान चैक, धर्मशाला रोड होते हुए आगे बढ़े. लगातार एसपी दुकानदारों से सौम्यता से मिल रहे थे और उन्हें ट्रेफिक में मदद के लिए अपील भी कर रहे थे.
गुलदस्ता नहीं, सुधार में दें साथ: एसपी
पलामू चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक सीनियर सदस्य राजदेव उपाध्याय गुलदस्ता पुलिस अधीक्षक को देने पहुंचे. उन्होंने अपना वहां परिचय देते हुए गुलदस्ता के साथ तस्वीर खिंचवाने का प्रयास किया.
पुलिस अधीक्षक ने गुलदस्ता लेने से साफ इंकार कर दिया और उनसे बाजार के व्यवसायियों से ट्रेफिक व्यवस्था में सुधार के लिए दिए गए निर्देशों को लागू कराने का भार सौंप दिया.
निगम ने भेजा जमादार
मेदिनीनगर नगर निेगम अपने कार्यों का निर्वाह कितनी गंभीरता से करता है, इसका जीता जागता नमूना आज बीच बजार पुलिस अधीक्षक एवं पत्रकारों के समक्ष सबने देखा.
नगर निगम ने अपने किसी भी अधिकारी को एसपी के बुलावे पर वहां नहीं भेजा. लगातर एसपी निगम द्वारा भेजे गए जमादार से ट्रेफिक की व्यवस्था को लेकर चर्चा करते रहे.एक प्रश्न के जवाब में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नगर निगम और पुलिस के तालमेल से ही बाजार की सड़कें अतिक्रमण मुक्त हो सकती हैं.
ट्रैफिक प्रभारी को दी कड़ी हिदायत
वहां के बाद एसपी निजी बस पड़ाव भी पहुंचे. यहां उन्होंने थानेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि बस स्टैंड से खुलने वाली बसें सीधे अपने गंतत्व की ओर निकले, इसके लिए ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन को विश्वास में लेने का निर्देश पुलिस अधीक्षक ने दिया.
यहां के बाद पुलिस अधीक्षक अपने वाहन पर सवार हुए और शहर के मुख्य चैक रेड़मा पहुंचे. यहां उन्होंने ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरस को कड़क शब्दों में ट्रैफिक नियमों को पालन करवाने का निर्देश दिया. उन्होंने ट्रैफिकप्रभारी को आगाह किया कि भविष्य में अगर किसी भी तरीके की शिकायत आती है तो सीधी कार्रवाई उन पर की जायेगी.

