मानसून की बारिश अब कहर बरपाने लगी है। रांची सहित राज्य में पिछले तीन दिनाें से मूसलाधार बारिश हाे रही है। इससे तकरीबन हर जिले में लोगों की हालत भी खराब हाे गई है। लोहरदगा के सेन्हा प्रखंड अंतर्गत सेरहंगतु और सीठियो गांव के बीच स्थित कोयल नदी पूरी तरह भरकर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। भारी बारिश के बीच देर रात पतरातू डैम के 4 और तेनुघाट डैम के 6 फाटक खोले गए हैं। कई जिलों में घरों में पानी घुस गया है। लातेहार में मूसलाधार बारिश के कारण घर गिर गया। माैसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के ऊपर निम्न दबाव बना हुआ है। इसलिए बारिश हाे रही है।
लोहरदगा जिले में हो रही लगातार बारिश के बाद सभी नदी नाले उफान पर है। जिले के कोयल नदी व शंख नदी पूरी तरह से भर गई है। जिले के सेन्हा प्रखंड अंतर्गत सेरहंगतु और सीठियो गांव के बीच स्थित कोयल नदी पूरी तरह भरकर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे लोहरदगा-रांची मार्ग बाधित है। वहीं, सुबह से ही लोगों की भीड़ बाढ़ देखने के लिए नदी के दोनों छोर पर जुटी हुई है। कुछ लोग लापरवाही बरतते हुए पुल भी पार कर रहे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों को नदी के पास से हटाया गया। साथ ही बैरेंकेटिंग की गई।
लातेहार में भी नदियां उफान पर
इधर, मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार की देर रात सदर प्रखंड के डेमू पंचायत के हुंडरू गांव निवासी देवंती मसोमात का घर ध्वस्त हो गया। हालांकि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। देवंती मासोमत ने बताया कि घर ध्वस्त होने के कारण घर में रखे कई समान भी बर्बाद हो गए हैं। घर में लगाए गए एस्बेस्टस पूरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वहीं, लातेहार में भी नदियां उफान पर है। तो खेतों में पानी लबालब भरा हुआ है। कुआं, तालाब का जलस्तर बढ़ गया है। खेत में लगाए फसल भी बर्बाद हो गए हैं। लगातार बारिश के कारण जानवरों को चराने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

