Sahibganj: साहिबगंज के जामनगर गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प को सुलझाने पहुंची पुलिस के साथ लोगों ने मारपीट की. आक्रोशित लोगों को तितर-बितर करने के लिये पुलिस ने करीब पंद्रह राउंड हवाई फायरिंग की. लोगों की ओर से किये गये पथराव में कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. संताल रेंज के डीआइजी सुदर्शन मंडल फायरिंग की पुष्टि की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजमहल थाना क्षेत्र के पश्चिमी जामनगर के चंदा टोला और झंडू टोला के बीच दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई. इस झड़प में ऐनुल शेख नाम के एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बात कही जा रही है. वहीं तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. वरीय पुलिस पदाधिकारी भी घटनास्थल पर कैंप किये हुए हैं.
एक पक्ष का कहना है कि ऐनुल शेख सड़क पर गिर गया था उसे उठाने की कोशिश की जा रही थी. इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया. इधर, दूसरे पक्ष के लोगों ने ऐनुल शेख को मार कर घायल कर दिया है. बताया जा रहा है कि ऐनुल की मौत हो चुकी है. हालांकि, अभी तक किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग एक जगह जुट गये. जिन्हें तितर बितर करने के लिये पुलिस को 15 राउंड गोलियां चलानी पड़ी. बताया जाता है कि कई दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई है. अभी तक मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

