मनोहरपुर (चाईबासा): मनोहरपुर थाना के पुरनापानी गांव स्थित गाटरमुंडी टोला में बुधवार देर शाम पोरेस तिर्की उर्फ ढेलका ने अपनी पत्नी सोमवारी तिर्की (50) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गुरुवार सुबह शव को घर में बंद कर दरवाजे पर बाहर से ताला लगा फरार हो गया। बाद में इसकी सूचना मिलने पर डीएसपी दाउद किड़ो, पुलिस निरीक्षक फागु होरो व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दरवाजे का ताला तोड़ शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था और कल रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था।
बुधवार को दंपती अपने खेत में रोपनी का काम कर घर लौटा था। उसके बाद दोनों में कहा सुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि पोरेस ने अपनी पत्नी की लात-घूसों से काफी पिटाई कर दी। इससे उसकी मौत हो गई। इधर, आरोपी ने अगले दिन गुरुवार की सुबह घर से कुछ दूर पर रह रहे अपने बड़े बेटे रोहित तिर्की को मामले की जानकारी दी। उसके बाद घर पर ताला लगाकर फरार हो गया।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के दरवाजे को तोड़कर अंदर गई। अंदर देखा तो महिला की लाश साड़ी से ढकी पड़ी मिली। उसके बाद महिला पुलिस व पड़ोस की महिलाओं के सहयोग से शव को घर से बाहर निकाला गया। बताते चलें कि पोरेस की यह दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की करीब 19 साल पहले जलने से मौत हो गई थी।

