धनबाद के ADJ-8 उत्तम आनंद की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने CBI की रिपोर्ट पर नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी फटकार लगाई। देश के प्रधान न्यायाधीश (CJI) एनवी रमना, जस्टिस विनीत शरण और सूर्यकांत की बेंच ने CBI से कहा, “आपकी रिपोर्ट में कुछ भी नहीं है। आपने किया क्या है? रिपोर्ट में हत्या का कारण तक नहीं बताया है। हमें आपसे ठोस जानकारी की उम्मीद थी।’
बेंच ने झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को जांच की निगरानी का निर्देश दिया है। साथ ही CBI को आदेश दिया कि जांच की रिपोर्ट हर हफ्ते झारखंड हाईकोर्ट में दायर करें। CBI की ओर से सॉलीसिटर जनरल तुषार मेहता ने पक्ष रखा। दरअसल, जज उत्तम आनंद की ऑटो से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले को जजों की सुरक्षा के मुद्दे से जोड़ते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था। कोर्ट ने इस पर सीबीआई से जवाब मांगा था।
सॉलीसिटर जनरल : गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिसका अभी खुलासा नहीं किया जा सकता।
सीजेआई : हम आपसे पूछताछ के अंश नहीं जानना चाहते। आपने रिपोर्ट में हत्या के उद्देश्य तक के बारे में नहीं बताया। कुछ तो इस मामले में ठोस बताइए।
सॉलीसिटर जनरल : हमने अपनी जांच रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में कोर्ट को सौंप दी दी है।
सीजेआई : सीलबंद लिफाफे में बंद आपकी जांच रिपोर्ट में कुछ भी नहीं है। अब सीबीआई हर सप्ताह झारखंड हाईकोर्ट को स्टेटस रिपोर्ट सौंपेगी, ताकि पता चल सके कि जांच कहां तक पहुंची है। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में यह जांच आगे चलती रहेगी।
गिरफ्तारी पुलिस ने की…आपने आगे क्या किया
हमने आपकी(CBI) जांच रिपोर्ट देखी है। आपके सीलबंद लिफाफे में कुछ भी नहीं है। यह जानकारी भी नहीं है कि हत्या किस वजह से की गई। हमें ठोस जानकारी की उम्मीद थी। वाहन की बरामदगी और गिरफ्तारी राज्य की पुलिस ने की। आपने आगे क्या किया? इसकी जानकारी नहीं है।’ -सुप्रीम कोर्ट
ऑटो चालक लखन का ब्रेन मैपिंग व पॉलिग्राफी टेस्ट हुआ
इधर, गिरफ्तार ऑटो चालक लखन वर्मा का सोमवार को सिंफर में पॉलिग्राफी, लाई डिटेक्टर और ब्रेन इलेक्ट्रिकल ऑक्सीलेशन टेस्ट हुआ। इन टेस्टों से CBI ने वैज्ञानिक तरीके से समझने की कोशिश की कि लखन सच बोल रहा है या झूठ। अगर झूठ बोल रहा है तो किन-किन सवालों पर? सच बोल रहा है तो किन प्रश्नों पर? दिल्ली से आई सीएफएसएल की टीम ने संबंधित मशीनों का इस्तेमाल करते हुए सीबीआई अफसरों के सामने सवाल किए।

