रांची : रिम्स का कार्डियो थोरेसिक वस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग हार्ट के मरीजों को लेटेस्ट टेक्नोलॉजी वाले मशीन से बेहतर इलाज देने की हर संभव कोशिश करता है. साथ ही मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके, इसके लिए विभाग को लगातार अपग्रेड करने की प्रक्रिया भी होते रहती है. इसी प्रक्रिया के तहत विभाग ने तीन प्रमुख उपकरणों की खरीदारी के लिए टेंडर जारी करने का निर्णय लिया है. इन उपकरणों की सुविधा होने से रिम्स में नियमित तौर पर बाइपास सर्जरी हो सकेगी. अब तक महीने में एक या दो मामले ही बाइपास सर्जरी के हो पाते थे, लेकिन मशीन के आने के बाद रेगुलर सर्जरी की उम्मीद है.
कार्डियोथोरेसिक विभाग के एचओडी (HOD) डॉ अंशुल कुमार ने बताया कि हार्ट सर्जरी के लिए ये मशीनें जरूरी है. जिससे कि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा. इसके अलावा हम लोग भी ज्यादा से ज्यादा केस ऑपरेट कर सकेंगे. इससे मरीजों को लंबी वेटिंग लिस्ट से छुटकारा मिल जाएगा. उन्होंने बताया कि इसके लिए पहले भी टेंडर किया गया था, लेकिन कोविड की वजह से यह फाइनल नहीं हो सका और टेंडर कैंसिल हो गया. अब फिर से टेंडर निकालने की तैयारी है.
हर महीने आते हैं 40 -50 मरीज
हार्ट सर्जरी के लिए ओपीडी (OPD) में हर महीने में 40-50 मरीज आते है. जिनमें आयुष्मान वाले मरीज तो इंतजार करते हैं, क्योंकि इलाज के लिए उनके पास इलाज के निए 4 लाख रुपये नहीं होते. रिम्स में संसाधन की कमी के कारण एक महीने में औसतन 12-15 मरीजों की ओपन हार्ट सर्जरी की जा रही थी, और इलाज में देर ना हो जाए इसलिए बाकी मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर भेज दिया जाता है.
आइएबीपी मशीन (IABP Machine): बाइपास सर्जरी के समय इसकी जरूरत
बाइपास सर्जरी के दौरान आइएबीपी मशीन की जरूरत अधिक पड़ती है. कई बार ऑपरेशन के बाद ब्लड प्रेशर संबंधित समस्या होने पर इस उपकरण की मदद ली जाती है.
एबीजी मशीन (ABG Machine): मरीज में ऑक्सीजन की जरूरी मात्रा का पता लगाना
एबीजी उपकरण के माध्यम से शरीर में ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड की स्थिति को जाना जाता है. ऑपरेशन के दौरान इसका इस्तेमाल किया जाता है, इसमें देखा जाता है कि मरीज को कितने ऑक्सीजन की जरूरत है या फिर मरीज को वेंटिलेटर पर डालने की जरूरत है या नहीं.
इको मशीन (ECHO Machine) : कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग में जरूरी
कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग में इको मशीन की सुविधा नहीं होने से परेशानी होती है. ऑपरेशन के पहले इसकी आवश्यकता पड़ती है. इको मशीन से हार्ट रेट (Heart Rate) को देखा जाता है.

