सिमरिया (चतरा): अफीम तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को फिर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना पुलिस ने 909 ट्रक में लदा 1081.4 किलोग्राम डोडा जब्त किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में राजस्थान लूनी जिला के बाकेरक्षणी गांव निवासी बंसीलाल और पलामू जिला पिपराटांड़ थाना के तितलंगी गांव निवासी रिंकू कुमार यादव का नाम शामिल है। पुलिस ने डोडा के साथ ट्रक और एक मोबाइल को भी जब्त किया है।
अनुमंडलपुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर सक्रिय हैं और डोडा लेकर लावालौंग से बगरा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया गया। जिस ने सफलतापूर्वक कार्रवाई करते हुए लावालौंग के कासीमहुआ के समीप डोडा लादे वाहन को जब्त कर लिया और उसमें सवार दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में एसडीपीओ के अलावा लावालौंग थाना प्रभारी विवेक कुमार आदि शामिल थे।
तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार चला रही अभियान
नशे के सामान, हथियार व पशुओं की तस्करी के मामले में झारखंड के विभिन्न जिलों की पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इन सभी मामलों में आए दिन लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। इसके बावजूद इन अवैध कारोबार में लगे लोगों की गतिविधियां जारी हैं। कम मेहनत में ज्यादा कमाई की लालच में यह लोग दूसरे मासूम लोगों को भी अपने गिरोह में शामिल कर कारोबार चला रहे हैं। डोडा के साथ हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसमें पूरे रैकेट के बारे में जानकारी एकत्र करने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक की जांच में यह साबित हो गया है कि इस कोरोबार के तार झारखंड के अलावा देश के दूसरे राज्यों से जुड़े हुए हैं।

