रांची : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी भाजपा नेता अरुण पांडेय के पुत्र राहुल पांडेय उर्फ मोनू पांडेय ने पंखा से लटक कर अपनी जान दे दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल पांडेय उर्फ मोनू पांडेय की बिरसा चौक में मोबाइल की दुकान है। हरदिन की तरह वह घर में खाना खाकर रात में अपने रूम में सोने गया। सुबह पिता अरुण पांडेय मॉर्निंग वॉक करके लौटे तो देखा कि राहुल अभी तक सोकर नहीं उठा है। उन्होंने रूम का दरवाजा खटखटाया। रूम नहीं खुला तो परिजनों ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया। दरवाजा खोलने के बाद राहुल पांडे का शव पंखे में लटकते हुए पाया गया। घर में कोहराम मच गया। परविार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। राहुल पांडेय व्यवहार कुशल और मिलनसार युवक था। पूरे मोहल्ले में वह अपने सरल और अच्छे व्यवहार की वजह से जाना जाता था। हर किसी के सुख दुख में वह शामिल रहता था। मामले की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को थाना लाया गया। जहां पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। इसके लिए राहुल के परविार के लोगों के साथ साथ उसके दोस्तों व नजदीकी सगे संबंधियों के बारे में जानकारी मांगी गई है। पुलिस की टीम ने राहुल के कमरे की तलाशी ली। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इसकी असली वजह क्या है। राहुल के कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लिहाजा पुलिस के लिए इस गुत्थी को सुलझाने में कुछ समय लग सकता है। जांच को आगे ले जाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

