रांची: लालपुर इलाके में रहने वाले राजेश मुंडा का अपराधियों ने अपहरण कर लिया है. राजेश मुंडा के घरवालों के बयान पर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. अपराधियों ने राजेश मुंडा को रिहा करने के एवज में एक करोड़ रुपए फिरौती मांगी है. राजेश का लालपुर चौक के समीप से अपहरण किया गया है. इस पर लालपुर पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है एवं टीम कार्रवाई में जुट गई है. शुरुआती जांच में मामला जमीन से जुड़ा लग रहा है. राजेश मुंडा के मोबाइल के आधार पर उसका लोकेशन निकालने का प्रयास किया जा रहा है. घर वालों ने पुलिस को बताया है कि राजेश मुंडा के साथ विक्की नाम का युवक हमेशा रहता था. अपहरण कांड में विक्की का हाथ हो सकता है. पुलिस विक्की की तलाश में उसके घर गई थी लेकिन वह वहां नहीं मिला. इस पूरे मामले की जांच सिटी डीएसपी कर रहे हैं. परिजनों के अनुसार जिस जगह से राजेश मुंडा का अपहरण हुआ है, पुलिस वहां गई थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया. पुलिस कई जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

