Ranchi : रांची में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. चोर दुकानों को निशाना बना कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. चोर दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सामान लेकर फरार हो जा रहे हैं और पुलिस हाथ मलती दिख रही है. गुरुवार को कांके थाना क्षेत्र के ब्लॉक चौक के नजदीक अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान को अपना निशाना बनाया. मोबाइल दुकान की छत के ऊपरी हिस्से को तोड़ कर मोबाइल और लैपटॉप चोरी कर चोर फरार हो गये हैं. दुकानदार जब अपनी दुकान खोलने आया तो इस घटना की जानकारी मिली.
दुकानदार का नाम बबलू है और वहां कांके थाना क्षेत्र का रहनेवाला है. दुकानदार ने देखा कि छत के ऊपरी हिस्से को तोड़ कर मोबाइल और लैपटॉप लेकर चोर फरार हो गया है. दुकान का सारा सामान तितर-बितर किया हुआ था. दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और दुकानदारों को आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. कांके थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अपने स्तर से लगातार प्रयास कर रही है लेकिन चोर अपने मंसूबों में कामयाब हो जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया चोरों के द्वारा इस दुकान में दूसरी बार चोरी की गयी है जिससे अगल-बगल के दुकानदार दहशत में हैं.

