रांची: रांची में 65 वर्षीय बुजुर्ग ने छोटे भाई के मौत के गम में अपनी जान दे दी है। मामला खेलगांव थाना क्षेत्र का है। यहां के बूटी मोड़ में रहने वाले सीसीएल के रिटायरकर्मी छोटे लाल सिंह ने जुमार पुल में रस्सी का फंदा बना कर आत्महत्या कर ली। यह सड़क रांची के व्यस्ततम सड़क में से एक है।
सुबह खेलगांव थाने को इसकी सूचना मिली। मौके पर पहुंच कर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेज दी है। शुरुआती जांच में पता चला है मृतक कुछ दिन से मानसिक तनाव में चल रहे थे। कुछ महीने पहले दोनों भाई कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इस दौरान कोविड से ही इनके छोटे भाई की मृत्यु हो गई थी।
ये ठीक जरूर हो गए लेकिन तब से लगातार परेशान चल रहे थे। परिजनों के मुताबिक डिप्रेशन में ही इन्होंने आत्महत्या का कदम उठा लिया।
2015 में हुए थे रिटायर
मूल रूप से हजारीबाग के पदमा के रहने वाले छोटे लाल सिंह CCL में लोडर का काम करते थे। 2015 में ही ये रिटायर हुए थे। रिटायर होने के बाद ये अपने परिजनों के साथ बूटी मोड़ में रह रहे थे। खेलगांव थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला सुसाइड का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

