लातेहार : झारखंड के लातेहार शहर के पूरब में स्थित तापा पहाड़ की तराई में नवनिर्मित चिल्ड्रेन पार्क न सिर्फ बच्चों बल्कि बड़ों को भी लुभा रहा है. प्रतिदिन यहां बच्चों के अलावा उनके माता-पिता की भीड़ देखी जा रही है. खास कर रविवार या छुट्टी के दिन यहां काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. आपको बता दें कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाकर 2 करोड़ की लागत से इस पार्क का निर्माण कराया गया है.
लातेहार नगर पंचायत द्वारा तापा पहाड़ की तराई में स्थित चंदनडीह मुहल्ले में दो करोड़ रूपये की लागत से पार्क का निर्माण कराया गया है. यहां बच्चों के लिए कई प्रकार के खेल उपकरण लगाये गये हैं. जिसमें झूला, घोड़ा चरखी, शी-शॉ व स्कीडर आदि प्रमुख हैं. यहां बच्चों को इन खेल उपकरणों का मजा लेते देखा जा सकता है. इसके अलावा पार्क में डॉ भीमराव अंबेडकर व भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमायें स्थापित की गयी हैं. पार्क में बाघ, डायनासोर व पांडा आदि की प्रतिमायें भी बनायी गयी हैं, जो बच्चों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं. लोगों को इन जानवरों की प्रतिमा के सामने खड़े होकर सेल्फी लेते देखा जा सकता है.

