देवघर: झारखंड के देवघर एम्स के ओपीडी में दो नये सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति हुई है. इसमें हृदय रोग व कैंसर सर्जन हैं. प्रत्येक मंगलवार को कैंसर सर्जन व प्रत्येक गुरुवार को हृदय रोग के सर्जन ओपीडी में रोगियों को सलाह देंगे. आवश्यकता के अनुसार दवा भी दी जायेगी. आज से ही इसकी शुरुआत हो गयी है. हृदय रोग के सर्जन मरीजों को परामर्श दे रहे हैं.
डॉक्टरों का रोस्टर देवघर एम्स की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है. दो अगस्त यानी आज गुरुवार से ही हृदय रोग के डॉक्टर ने बैठना शुरू कर दिया है. एम्स ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने को लेकर लोगों की लंबी कतार लग रही है. बुधवार को एम्स में रजिस्ट्रेशन के लिए अधिक भीड़ उमड़ी. बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे. इससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गयी थी. लोगों ने सड़क किनारे ही गाड़ियां लगा दी थीं.
जानकारी के अनुसार दो दिनों के अंदर एक्सरे की सेवा शुरू कर दी जायेगी. एम्स में इलाज हो सके, इसके लिए मरीज और उनके परिजन सुबह चार बजे से ही आना शुरू कर देते हैं और मुख्य गेट खुलने का इंतजार करते हैं, ताकि समय से वे इलाज करा सकें. मरीज इलाज से काफी संतुष्ट नजर आ रहे हैं.

