जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के तीस्ता रोड में अपनी पत्नी, दो बेटी और ट्यूशन शिक्षिका की निर्मम हत्या करने के आरोपी दीपक कुमार ने घाघीडीह जेल में 2 सितंबर को आत्महत्या का प्रयास किया। उसने जेल में लगे अग्निशामक यंत्र का गैस पी लिया। इसके बाद जेल में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया।
दीपक का इलाज फिलहाल रांची के रिम्स में चल रहा है। घटना के बाद उसे एमजीएम लाया गया था। इस मामले में घाघीडीह जेल के अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह के बयान पर सोमवार को परसुडीह थाना में दीपक के खिलाफ आत्महत्या करने के प्रयास का एक केस दर्ज किया गया है।
बताते चलें कि 12 अप्रैल को टाटा स्टील के फायर ब्रिगेड के कर्मी दीपक कुमार ने अपनी पत्नी वीणा कुमारी (36), बड़ी बेटी श्रावणी कुमारी (15), छोटी बेटी दिव्या कुमारी (10) और ट्यूशन शिक्षिका रामनगर निवासी रिंकी घोष (21) की हत्या कर दी थी।
हत्या करने के बाद दीपक ने शिक्षिका के साथ दुष्कर्म भी किया था। दीपक ने अपने दोस्त रोशन, उसकी पत्नी, साला और एक साल की बच्ची पर भी हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को धनबाद से 16 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। तब से वह घाघीडीह जेल में बंद है।

