रांची: बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर खोलने के मसले पर सोमवार को सीएम से मंत्री आलमगीर आलम, बादल सहित अन्य कांग्रेसी विधायकों ने फरियाद लगायी. इसमें इरफान अंसारी, ममता देवी और उमाशंकर अकेला भी शामिल थे. श्री आलम के नेतृत्व में सीएम से मुलाकात में सभी ने कहा कि बाबा मंदिर नहीं खुलने से पंडा समाज और व्यापारियों की स्थिति काफी खराब होती जा रही है. मंदिर खोलने के संबंध में जल्द पहल हो.
श्री बादल ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम विश्व की शान है. मंदिर बंद होने से व्यवसाय पर काफी बुरा असर पड़ा है. श्रद्धालु नहीं आ रहे हैं. पंडा समाज बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. बैद्यनाथ धाम खुलने से उनकी सहायता हो पायेगी.
राज्य के सभी धार्मिक स्थल सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खोल दिये जायें. समय आ गया है कि सभी धार्मिक स्थलों को कोविड गाइडलाइन के तहत जल्द से जल्द खोल दें. अन्य लोगों ने भी यही बात दोहरायी.
माब लिंचिंग कानून जरूरी
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में मॉब लिंचिंग पर जल्द से जल्द कानून बने. मॉब लिंचिंग की घटनाएं दिन पर दिन बढ़ती जा रही हैं. कुछ हद तक इस घटना से प्रभावित परिवार की मदद वे कर रहे हैं.
मगर उन सभी पीड़ितों की ज़्यादा सहायता नहीं हो पायी है. उनकी विधवाओं को भी जल्द से जल्द सरकार रोजगार से जोड़े और आगे ऐसी कोई घटना न घटे, इस पर कठोर से कठोर कदम उठाये जायें.सीएम ने सबकी बात सुनी. कहा कि इन विषयों पर जल्द से जल्द निर्णय लिया जायेगा. मॉब लिंचिंग पर भी राज्य सरकार जल्द कठोर कानून लायेगी.

