जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल जमशेदपुर के जूनियर डॉ. अमित कुमार सिंह ने गुरुवार की सुबह वह खुद को गोली मार ली। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के सीसीयू में चल रहा है। डॉ. अमित कुमार सिंह का एक माह पूर्व ही बिष्टुपुर के एक होटल में सगाई हुई थी।
अगले माह यानी नवंबर माह में उनकी शादी होने वाली थी। इससे पूर्व ही यह घटना घट गई। डॉ. अमित की शादी बिहार के समस्तीपुर में ठीक हुई है। बताया जा रहा है कि डॉ. अमित कुमार सिंह ने अपने भाई के पिस्टल से गोली मारी है। वह लाइसेंसी पिस्टल थी। गोली क्यों मारी यह जांच का विषय है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कर्नाटक से की थी एमबीबीएस की पढ़ाई
डॉ. अमित कुमार ने कर्नाटक से एमबीबीएस की पढ़ाई की। इसके बाद लगभग दो साल पूर्व वह एमजीएम अस्पताल से इंटर्नशिप किया था और अब जूनियर डॉक्टर के पद पर मेडिसिन विभाग में सेवा दे रहा था। डॉ. अमित कुमार गुरुवार को अस्पताल में ड्यूटी नहीं आया था। घटना की जानकारी चिकित्सकों को हुई तो किसी को यह भरोसा नहीं हो रहा था कि डॉ. अमित ने खुद को गोली मारी ली है।
गोली क्यों मारी, पुलिस कर रही है जांच
डॉ. अमित कुमार सिंह खुद गोली क्यों मारी, इस बिंदु पर पुलिस जांच करने में जुटी हुई है। हालांकि, कई तरह की बातें सामने आ रही है। फिलहाल कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के पूर्व सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मैं पाकुड़ में हूं लेकिन घटना की जानकारी मिली है, जो दुखद है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद एमजीएम अस्पताल के चिकित्सक भी सदमे में हैं। अमित आदित्यपुर के जमीन कारोबारी स्वर्गीय अरविंद सिंह के पुत्र हैं।

