राजमहल थाना क्षेत्र के मधुसूदन कॉलोनी स्थित गंगा घाट में गुरुवार को खेलने के क्रम में एक 11 साल का बच्चा नदी में डूब गया। बच्चा पानी के जहाज पर चढ़ पतंग उड़ा रहा था और इसी दौरान वो गंगा नदी में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व स्थानीय लोग बच्चे की तलाश में जुट गए हैं।
बच्चे की पहचान मधुसूदन कॉलोनी निवासी रवि हरिजन के बेटे अर्णव के रूप में की गई। इधर, घटना की जानकारी प्रशासन व एनडीआरएफ को दी गई। एनडीआरएफ व राजमहल अंचल के गोताखोरों द्वारा अर्णव की खोजबीन की जा रही है।
पानी का बहाव तेज होने के कारण बच्चे का कोई पता नहीं चल पा रहा है। वहीं, प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि गंगा किनारे सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विशेषकर बच्चों को गंगा किनारे ना खेलने दिया जाए।

