डोमचांच थाना अंतर्गत बगड़ो पंचायत के गैठीबाद के बगल में शुक्रवार को विगत तीन दिनों से लापता एक 16 वर्ष की नाबालिग का शव एक बंद पत्थर खदान में जमा पानी की सतह से मिला है। पत्थर खदान शंकर साव के एक्सप्लोसिव मैगजीन के पीछे धोबिनियातांड, महुआकुदर में स्थित है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की पहचान लक्ष्मी कुमारी उम्र (16), पिता रविंद्र यादव, गैठीबाद निवासी के रूप में हुई।
जानकारी अनुसार शुक्रवार की सुबह शौच के लिए ग्रामीण उक्त क्षेत्र में गए तो उन्होंने खदान में पानी की सतह पर एक लड़की का शव देखा। हल्ला करने पर काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। वहीं घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग का शव से निकाला। शव को पानी से बहार निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया। 21 सितंबर को डोमचांच थाने में पुत्री की गुमशुदगी को लेकर मृतका की मां सरिता देवी ने सनहा दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

