जमशेदपुर: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉॅम्प्लेक्स में शनिवार को शुरू हुई 40वीं सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के पहले दिन चाईबासा की बेटी असरिता बिरुली ने झारखंड को पहला स्वर्ण दिलाया। वहीं बोकारो के गोल्डी मिश्र ने रजत पदक पर कब्जा किया। इसके साथ-साथ झारखंड की महिला टीम ओलिंपिक राउंड के फाइनल में भी पहुंच गई है, जबकि पुरुष वर्ग में झारखंड की टीम कांस्य के लिए रविवार को मुकाबला खेलेगी।
इंडियन राउंड मुकाबले के पहले दिन 50 मीटर स्पर्धा में चाईबासा की असरिता बिरुली ने झारखंड को स्वर्ण पदक दिलाया। असरिता ने कुल 360 में से 315 अंक बनाए। दूसरा पदक पुरुष वर्ग के 30 मीटर स्पर्धा में मिला। गोल्डी मिश्रा ने 360 में से 335 अंक के साथ रजत पदक पर कब्जा किया। चैंपियनशिप का शुभारंभ अर्जुन मुंडा ने किया। टाटा स्टील के उपाध्यक्ष चाणक्य चौधरी ने हर वर्ष आमंत्रण ओपन आर्चरी चैंपियनशिप आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर ओएआई के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा सकारात्मक जवाब दिया है।

