गुमला : शहरी क्षेत्र में सुबह एक रिटायर्ड फौजी की गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना रिहायशी इलाके दीपनगर में बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे हुई। रिटायर्ड फौजी की पहचान जयमन एक्का के रूप में की गई। हत्या की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व तहकीकात में जुट गई। फिलहाल घटना के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
2000 में आर्मी से रिटायर्ड हुए थे जयमन
परिजनों के अनुसार लूटपाट वह आपसी दुश्मनी के कारण घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाबत मृतक की पत्नी अन्ना एक्का ने बताया कि उसके पति वर्ष 2000 में आर्मी से रिटायर हुए थे। वे लोग मूल रूप से डुमरी प्रखंड के कोठी गांव के निवासी हैं। करीब 20 वर्षों से वे सभी परिवार के साथ शहरी क्षेत्र के सटे प्रतापपुर में रहते हैं।
गैस भरवाने घर से निकले थे जयमन
पत्नी ने बताया कि बुधवार को सुबह करीब 9:45 बजे गैस सिलेंडर लेकर वह सिसई रोड जा रहे थे। तभी घर से कुछ ही दूरी पर अज्ञात अपराधियों ने गला रेत कर उनकी हत्या कर दी। हत्या की सूचना आसपास के लोगों ने उन्हें दी। जब वह घटनास्थल पर पहुंचीं तो देखा कि बाइक समेत उसके पति सड़क के बीचों-बीच गिरे पड़े थे। उनका गला तेज धारदार हथियार से रेत दिया गया था। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में भी जख्म के निशान थे।
पत्नी बोलीं- अपराधियों की हो अविलंब गिरफ्तारी
पत्नी ने बताया कि उन लोगों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनके चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा मुंबई में नौकरी करता है। जबकि एक बेटी व दो बेटे शहर में ही स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। पत्नी ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही कहा कि आरोपियों को अविलंब गिरफ्तारी हो। इधर, इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश था। लोगों का कहना था कि सुबह-शाम इन इलाकों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नशेड़ी इसे सेफ जोन के रूप में मानते हैं।

