चतरा: इटखोरी, मयूरहंड एवं गिद्धौर थाना की पुलिस ने संयुक्त रुप से छापेमारी कर दो किलोग्राम ब्राउन शुगर, दो किलोग्राम अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। तस्करों के पास से पुलिस ने साढ़े सात लाख रुपये नगद भी बरामद किए हैं। अफीम के विरुद्ध चलाए जा रहे पुलिस के इस अभियान में तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर इटखोरी थाना की पुलिस ने बुधवार की रात करीब एक बजे पितीज के राजू दांगी के घर में छापा मारा। छापेमारी के दौरान राजू दांगी के घर से दो किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही राजू दांगी तथा उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। राजू दांगी की शिनाख्त पर पुलिस ने मयूरहंड थाना क्षेत्र के डोढी-मधनिया गांव में राजेंद्र दांगी के घर में छापेमारी की। वहां से भी पुलिस को दो किलोग्राम अफीम बरामद हुआ।
लेकिन राजेंद्र दांगी तथा उत्तर प्रदेश का एक तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग सका। हालांकि पुलिस ने राजेंद्र दांगी के भाई को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गिद्धौर थाना की पुलिस ने राजेश दांगी नामक एक अफीम तस्कर के यहां छापेमारी की। वहां से पुलिस को साढे़ सात लाख रुपये बरामद हुए। बरामद हुए ब्राउन शुगर, अफीम तथा साढे सात लाख रुपये को पुलिस ने जब्त कर लिया है। चारों तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

