दिल्ली के पास गुरुग्राम में एक भयानक कैमिकल अटैक का मामला सामने आया हैं. नूह की रहने वाली 24 वर्षीय युवती अपनी मौसी से मिलने सुभाष नगर आई थी, जहां एक युवक ने उसका पीछा किया और दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई. घायल युवती को गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल, सेक्टर 10A लाया गया. अस्पताल पहुंचते ही आरोपी युवक और उसके साथ आई एक युवती ने पीड़िता पर कैमिकल फेंक दिया. इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.
पीड़िता का चेहरा और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए. प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उसका गंभीर हालात में इलाज चल रहा हैं. घटना के समय युवक और उसके साथ आई युवती की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने अचानक और जल्दबाजी में यह हमला किया और मौके से फरार हो गया. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक और पीड़िता के बीच विवाद किस वजह से हुआ. गुरुग्राम पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर सभी सबूतों को कब्जे में ले लिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी हैं. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छानबीन कर रही हैं.

